Tuesday, 22 December 2015

अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट 2015 में हुए बड़े बदलाव, रचे गए इतिहास...

अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट के लिए साल 2015 बहुत ही उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कहीं खेल में कुछ नए नियम बने तो कहीं कुछ वर्षों पुराने नियम बदले गए। कहीं, विवाद दिखा तो कहीं उसी विवाद का समाधान भी निकला। कई इतिहास रचे गए तो कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी टूटे।
  • टेस्‍ट क्रिकेट का इतिहास बदला…
वर्ष 2015 में क्रिकेट की दुनिया में सबसे बड़ी तब्‍दिली तब हुई जब टेस्‍ट मैच को रोमांचक बनाए रखने के लिए क्रिकेट के इस फॉर्मेंट के इतिहास को ही बदल दिया गया। क्रिकेट इतिहास में सफेद जर्सी और लाल बॉल टेस्‍ट क्रिकेट की पहचान थी लेकिन इस वर्ष इनकी पहचान बदली गई। क्‍योंकि टेस्‍ट मैच केवल दिन में ही नहीं, बल्कि अब डे-नाईट भी खेले जाएंगे। डे-नाईट के लिहाज से टेस्ट की लाल गेंद को छोड़कर गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया गया। दरअसल, यह बदलाव टेस्‍ट क्रिकेट की गिरती लोकप्रियता को देखकर किया गया है।
डे-नाइट मैच से जुड़ी कुछ खास बातें… पहला डे-नाइट वनडे मैच 27 नवंबर 1979 को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में खेला गया था। इस साल पहले डे-नाइट टेस्ट मैच भी 27 नवंबर को शुरू हुआ। क्रिकेट के इतिहास में पहली बार डे-नाइट टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में खेला गया। इस मैच को देखने पहले दिन 47,441 दर्शक, दूसरे दिन 42,372 दर्शक, तीसरे दिन 33,923 दर्शक आए। यानी कुल मिलकार 1,23,736 दर्शकों ने तीनों दिन मैच देखा।
  • 6 सालों बाद ‘पाक’ स्‍टेडियम में जली लाईट!
पाकिस्‍तान में 2009 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हुई। दरअसल, 2009 में पाकिस्तान दौरे पर गई श्रीलंका क्रिकेट टीम पर आतंकवादी हमले हुए, जिसके बाद से वहां कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला गया या यूं कह ले की कोई भी टीम ने वहां जानें की ज़हमत ही नहीं उठाई।
वर्षों बाद साल 2015 में जिम्‍बाब्‍वे क्रिकेट ने यह जिम्‍मा लिया और पाकिस्‍तान के साथ पाकिस्‍तान में क्रिकेट खेलने पर करार किया। इस खेल को फिर से बहाल करने के लिए पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बहुत ही ऐहतियात बरती और किले में तब्‍दील कर दिया गया, पूरे गद्दाफी स्टेडियम को।
जिम्बाब्वे ने यहां 22 से 31 मई के बीच लाहौर स्थित गद्दाफी स्टेडियम में दो टी-20 और तीन एक दिवसीय मैचों की सीरीज खेली। बता दें कि 3 मार्च 2009 को पाक गई श्रीलंका टीम पर आतंकी हमले में आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कुछ खिलाड़ियों को चोट भी आई थी। जिसके बाद से कोई भी देश पाकिस्‍तान में क्रिकेट खेलने की हिमाकत नहीं कर सका। जिम्‍बाब्‍वे क्रिकेट ने यह साहस दिखाया और पाकिस्‍तान द्वारा क्रिकेट की मेजबानी के सपने को साकार किया।
  • विश्‍व कप में कई इतिहास रचे गए…
विश्‍व कप 2015 में एक बार फिर से इतिहास रचा गया। मेजबान देश ऑस्‍ट्रेलिया ने पांचवी बार विश्‍व कप चैंपियन बन अपनी बादशाहत सिद्ध कर दी। इतनी बार कोई दूसरी टीम वर्ल्ड चैंपियन नहीं बन सकी है।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया फाइनल मैच विश्‍व कप का 400वां मैच था। न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने एक पारी में 237 रन की बड़ी पारी खेली। साथ ही, पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्‍यादा 547 रन भी बनाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट ने टूर्नामेंट में सबसे ज्‍यादा 22-22 विकेट लिए। जबकि न्‍यूजीलैंड के टीम साउदी ने एक पारी 33 रन देकर 7 विकेट लिए।
इससे इतर कुमार धर्मसेना 1996 के फाइनल में श्रीलंकाई खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुए थे। 19 साल बाद वे मैच अंपायर के तौर पर फाइनल का हिस्सा बने। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वे दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं।

No comments:

Post a Comment