Thursday, 5 November 2015

शाहरुख के बयान पर आमने-सामने आई बॉलीवुड-राजनीति

देश में बढ़ रही असहिष्‍णुता का मुद्दा अब धीरे-धीरे हर समुदाय और संप्रदाय के बीच एक राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। अब इस असहिष्‍णुता के मुद्दे पर बॉलीवुड हस्तियां भी पूरी तरह से कूद पड़ी हैं।
असहिष्‍णुता के नाम पर बॉलीवुड इंडस्‍ट्री भी बंटती दिखाई दे रही है। पिछले दिनों असहिष्‍णुता के नाम पर लेखकों द्वारा साहित्य अकादमी सम्मान लौटाने के बाद नेशनल अवॉर्ड लौटाने का सिलसिला भी शुरू हो गया था। देश में बिगडते माहौल के खिलाफ 12 फिल्म मेकर्स ने अपना सम्मान लौटा दिया था।
इन फिल्म डायरेक्टरों में दिबाकर बनर्जी, परेश कामदर, आनंद पटवर्धन लिपिका सिंह, निष्ठा जैन, कीर्ति नखवा, हर्ष कुलकर्णी, हरि नायर, विक्रात पवार और प्रतीक वत्स शामिल हैं।

जिसके बाद इस मामले को राजनेताओं ने खूब चमकाया। धीरे-धीरे इस मुद्दे में अनुपम खेर, विद्या बालन और कमल हासन जैसे बड़े सितारों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई। जहां इन तीनों सितारों ने अवॉर्ड वापसी का विरोध करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित मामला बताया। इनका कहना था कि अगर ऐसा कुछ है तो हम उसके खिलाफ लिख सकते हैं। अवार्ड लौटाना अपना सम्‍मान लौटाने जैसा है।
वहीं, इस बीच बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान इस मामले में बयानबाजी कर फंस गए। जिसके बाद राजनीति में उठा पटक शुरू हो गई। शाहरुख ने अपने 50वें जन्‍मदिन के अवसर पर कहा कि देश में थोड़ी असहिष्णुता बढ़ी जरूर है। उन्‍होंने कहा कि जितने माध्यम उतनी आवाजें हो गई हैं। लेकिन आवाजें ही नहीं नकारात्मक आवाजें ज्यादा हो गई हैं। हमें ये सोच कायम रखनी होगी कि सभी धर्म बराबर है।
शाहरुख के इस बयान के बाद देश की राजनीतिक पूरी तरह गर्म हो गई। इस बीच मुंबई 26/11 हमले का मास्‍टरमाइंड हाफिज सईद ने शाहरुख को पाकिस्तान में रहने का न्योता देकर इस मसले को और भड़का दिया। इसके बाद शाहरुख सीधे तौर पर राजनेताओं के निशाने पर आ गए।
वहीं, इंडस्‍ट्री के ओल्‍ड इज गोल्‍ड अनुपम खेर जहां एक तरफ अवार्ड लौटाने वालों पर बरस रहे थे। वहीं, खेर ने शाहरुख के इस बयान पर कहा कि आप सब किंग खान के बारे में ऐसी बातें करना बंद करें। हमें और देश को शाहरुख खान पर गर्व है। बॉलीवुड और पूरे भारत के लिए रोल मॉडल है।
अभिनेता रजा मुराद ने भी शाहरुख का साथ देते हुए कहा कि ये देश किसी के बाप का नहीं है। हमें यहां रहने के लिए किसी के हाथ, सहानुभूति या सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं है।
दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं ने शाहरुख के इस बयान को आड़े हाथ लिया। विवादित बयानों से घिरी बीजेपी नेता साध्वी प्राची ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को ‘पाकिस्तानी एजेंट’ करार दिया और कहा कि इन्‍हें पाकिस्तान भेज दिया जाना चाहिए। बीजेपी के एक और सांसद के बयान ने इस मामले पर बवाल खड़ा कर दिया, सांसद योगी आदित्यनाथ ने शाहरुख खान की तुलना 26/11 के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से कर दी।
इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने शाहरुख पर सीधा हमला बोलते हुए ट्वीट किया था कि शाहरुख रहते भारत में हैं पर उनका मन सदा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्में यहां करोड़ों कमाती हैं पर उन्हें भारत असहिष्णु नजर आता है। हालांकि बाद में उन्होंने अपने सभी ट्वीट्स वापस ले लिए और कहा कि किसी को ठेस पहुंचाने की मेरी मंशा नहीं थी। मैं अपने ट्वीट वापस लेता हूं।
देश में अ‍सहिष्‍णुता के नाम पर बीते दिनों कांग्रेस ने मार्च निकाला। वहीं, शाहरुख को देशद्रोही कहने पर राजनीतिक रोटियां सेकते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि पीएम मोदी को शाहरुख खाने से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि पीएम मोदी को इस बात का जवाब देना चाहिए कि शाहरुख खान को भारत में रहना चाहिए या पाकिस्तान में।
गौरतलब है कि शाहरुख ने अपने उस बयान के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अब देखना यहीं है कि क्‍या शाहरुख इस असहिष्‍णुता पर के चक्‍कर में राजनीति का शिकार हो गए हैं और कैसे बॉलीवुड इस अ‍सहिष्‍णुता के फेर में देश की तरह बंटता जा रहा है।

No comments:

Post a Comment