अपने गौरवशाली इतिहास को अपने में ही समेटने वाली बिहार की धरती इन दिनों बस खून से लाल होती दिख रही है। गौरव गाथाओं के लिए चर्चा में रहने वाला राज्य एक बार फिर अपने अपराधों के लिए सुर्खियों में है।
नीतीश कुमार ने साल 2005 में भाजपा के साथ मिलकर बिहार में अपनी सरकार बनाई थी। तब नीतीश ने नारा दिया था कि वे राज्य में भय और खौफ के माहौल खत्म कर देंगे और लालू प्रसाद यादव के जंगलराज को भी खत्म कर देंगे। जिसे उन्होंने काफी हद तक खत्म भी कर दिया था, लेकिन आज वही तस्वीर फिर से रंग भरती नजर आ रही है।
नीतीश कुमार ने 10 साल के अथक प्रयास के बाद जिस बिहार की कल्पना की थी, उसमें वे आगे भी बढ़ते जा रहे थे, लेकिन सत्ता के लालच ने नीतीश को एक बार फिर उन्हीं की जमात में खड़ा कर दिया, जिससे वे बिहार को मुक्ति दिलाना चाहते थे। चंद साल पहले लालू यादव के राज में बिहार में जंगल राज पनप रहा था, आज नीतीश के राज में जंगलराज उबर रहा है।
नीतीश कुमार बिहार में मुख्यमंत्री के रूप में दो बार सत्ता पर काबिज हुए लेकिन साल 2015 के चुनाव में जब उन्हें सत्ता दूर लगने लगी तो उन्हें लालू का सहारा लेना पड़ा। महागठबंधन की इस सरकार ने एक बार फिर अपराध के दरवाजे खोल दिए। आंकड़ों पर गौर करें तो जब से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से कई ऐसी बड़ी घटनाएं हुईं हैं, जिसने नीतीश सरकार पर कई सवाल खड़े किए हैं। उनके सुशासन के नारों और दावों को खोखला बताया है।
विपक्षी दलों ने इस बार नीतीश के राज 'जंगलराज 2' का नाम तक दे दिया है। वहीं, इन घटनाओं पर सरकार के मंत्रियों द्वारा अनोखे बयान आते हैं। पिछले दिनों जंगलराज के बयान पर भड़के बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने गया में रोडरेज मामले में एक छात्र को गोली मारने की घटना को पठानकोट जैसे आतंकी हमले से इसकी तुलना कर रहे हैं।
जबकि जंगलराज वाले शब्द पर नीतीश बाबू भड़क उठते हैं और विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहते हैं कि लोग कहते हैं कि बिहार में जंगलराज है। बिहार में तो मंगलराज और कानून का राज है। सभी हत्या के मामलों पर कार्रवाई की जा रही है, जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
बिहार में क्यों ना कहें 'जंगलराज' है?
बिहार में जंगलराज को समझने के लिए कुछ आंकड़ों पर गौर करते हैं। बिहार में वर्ष 2001 से 2005 तक पंजीकृत अपराधों की संख्या 5 लाख 15 हजार 289 रही। बता दें कि इस समय में सत्ता सीधा लालू यादव के हाथों में थी। इसके बाद 2006 से 2010 तक बिहार में पंजीकृत अपराधों की संख्या 6 लाख 30 हजार 682 हो गईं। इस समय सत्ता नीतीश के हाथ में थी। कहा गया नीतीश सरकार ने अपराधियों पर लगाम लगाया है जिसकी वजह से पंजीकृत अपराधों की संख्या बढ़ी। इसके बाद 2011 से 2015 तक 8 लाख 67 हजार 944 का आंकड़ा छू गई अपराधों की संख्या।
जो मामले दर्ज किए गए...
अपराध समय संख्या शासन
अपहरण 2001-2005 10,385 राबड़ी देवी
2006-2010 13,872 नीतीश कुमार
2011-2015 27,534 नीतीश कुमार
बलात्कार 2001-2005 4461 राबड़ी देवी
2006-2010 4970 नीतीश कुमार
2011-2015 5093 नीतीश कुमार
दरअसल, हर एक घटना के बाद बिहार के मुखिया नीतीश कुमार रटा-रटाया हुआ बयान देते हैं और कहते हैं कि दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। आइए, नजर डालते हैं महागठबंधन सरकार बनने के बाद की कुछ बड़ी घटनाओं (हत्याएं) पर जिसने मीडिया में सुर्खियां बटोरी और नीतीश की तीसरी पारी की सुशासन व्यवस्था पर खूब सवाल खड़े किए।
- 26 दिसंबर को बिहार के दरभंगा में एक सड़क निर्माण कंपनी के दो इंजीनियर्स की सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी गई है। हत्या के एक हफ्ते पहले ही इन इंजीनियर्स से रंगदारी मांगी गई थी।
- 28 दिसंबर को बिहार के वैशाली जिले के बराटी थाना क्षेत्र में 1 रिलांयस इंजीनियर की गला रेत कर हत्या कर दी गई
- 16 जनवरी को पटना के श्रीकृष्णपुरी थाना क्षेत्र के राजापूर पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने दिन-दहाड़े एक सोने के व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी।
- 17 जनवरी 2016 को हत्या का आरोपी जदयू एमएलए का पति थाने से फरार हो जाता है
- 18 जनवरी 2016 को जदयू एमएलए सरफराज आलम पर राजधानी एक्सप्रेस में छेड़छाड़ का आरोप
- 5 फरवरी को 2016 को पटना में एलजेपी नेता ब्रिजनाथी सिंह की एके47 से सरेआम मर्डर
- 11 फरवरी 2016 को छपरा में बीजेपी नेता केदार सिंह की हत्या
- 12 फरवरी 2016 को भोजपुर के बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओक्षा की आरा में हत्या
- 8 अप्रैल 2016 को पटना के दवा व्यवसायी अनिल अग्रवाल की हत्या
- 18 अप्रैल 2016 को पंडारक में दरोगा सुरेश ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई
- 7 मई 2016 को गया में रोडरेज में एक छात्र आदित्य की हत्या, इस हत्या में जदयू एमएलसी मनोरमा देवी का बेटा रॉकी यादव आरोपित है।
- 13 मई 2016 को सीवान जिले में सरेआम हिंदुस्तान अखबार के ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या।
- 25 मई 2016 को बिहार के डुमरिया जिले में एक और एलजेपी नेता सुदेश पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बता दें कि बिहार में महागठबंधन की सरकार में नीतीश कुमार 20 नवंबर 2015 को तीसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए थे। इसके बाद से राज्य में एक के बाद एक हत्याओं के मामले आते ही जा रहे हैं। अब देखना, यह हैं कि नीतीश सरकार इन बढ़ती घटनाओं पर कैसे नकेल कसते हैं।


This comment has been removed by the author.
ReplyDeleteNitish ji ab lalu ji ke sath ho gaye hain. Jab tak alag the, tabhi rak RJD ka karya kal unko jungleraj lagta tha.
ReplyDeletewww.mrityunjayshrivastava.com
सही कहा आपने
Delete